Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले में एक आरोपी की डूबने से हुई मौत के बाद शनिवार को जमकर बवाल हुआ। आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने मोरकाही थाना परिसर में प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने पहले थाना परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष अन्तिमा कुमारी ने आत्मरक्षा में परिजनों की ओर पिस्टल तान दी। इस घटना को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग थाना परिसर में जुट गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर एसडीओ धनंजय कुमार और सदर एसडीपीओ-1 मुकुल रंजन पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी सौरव कुमार को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बीती रात उसके घर पहुंची थी। पुलिस द्वारा खदेड़े जाने के दौरान सौरव कुमार मालती नदी में गिरकर डूब गया। परिजनों का कहना है कि जब सौरव नदी में डूब रहा था, तब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।
आक्रोशित परिजनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसडीओ और एसडीपीओ ने परिजनों से लिखित आवेदन देने को कहा है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।