MADHUBANI: मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के बसवरिया चौक स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में सोमवार शाम करीब चार बजे लूट की बड़ी वारदात सामने आई। पिस्टल के बल पर दो लाख रुपये लूटकर भाग रहे दो बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने पीछा कर दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालिका अनीता कुमारी बैंक से ₹2 लाख की नकदी निकालकर सीएसपी केंद्र पहुंची थीं। इसी दौरान दो बदमाश वहां पहुंचे और पिस्टल दिखाकर नकदी लूट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक बदमाश को पकड़ लिया। हालांकि उसका साथी पिस्टल लहराते हुए फरार होने में सफल रहा।


पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने एक स्थानीय युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके। घटना की सूचना मिलते ही साहरघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले का जायजा ले रहे हैं।


फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही लूट की वारदात के पीछे की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।