Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज जिले में संतरी ड्यूटी के दौरान एक SSB जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात जियापोखर थाना क्षेत्र स्थित ठाकुरगंज SSB की 19वीं बटालियन कैंप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। स्थानीय डिप्टी कमांडेंट विकास कुमार पांडेय ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद SSB के डीआईजी ए.के. सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ पुलिस SDPO-2 मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों की मौजूदगी में FSL टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कैंप में मौजूद जवानों से पूछताछ की। पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर शुरुआती जांच में सामने आया है कि जवान की मौत शनिवार रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच हुई होगी। घटना के समय जवान संतरी ड्यूटी पर तैनात था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान की मौत INSAS राइफल से चली गोली लगने के कारण हुई। जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटनास्थल के पास से संबंधित सरकारी राइफल का एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। FSL जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतक जवान की पहचान चयन मंडल, पिता प्रफुल्ल मंडल, के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा मोहन कोस्टल थाना क्षेत्र के जगाई बासन का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस और SSB अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।