Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित मथुरापुर गांव में बदमाशों ने एक ग्रामीण चिकित्सक के निजी क्लिनिक में आगजनी की घटना को अंजाम दिया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। 


बदमाशों ने क्लिनिक में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वहां रखा मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वायरल फुटेज में एक युवक क्लिनिक में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


क्लिनिक संचालक डॉ. भूषण कुमार ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश के कारण हुई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्ट - अनिश कुमार, खगड़िया, बिहार