KATIHAR: कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड स्थित नवाबगंज आईटीआई के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कंपनी कर्मी को बंदूक की नोक पर रोककर उसके पास मौजूद नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी के कर्मी सोनू कुमार बोलिया क्षेत्र से ग्राहकों के बीच कलेक्शन कर मनिहारी लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज आईटीआई के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनके पास मौजूद करीब 50 से 60 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
पीड़ित सोनू कुमार ने बताया कि लूटी गई राशि कंपनी की कलेक्शन की रकम थी। घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर इस तरह की वारदात से लोगों में भय का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार तथा मनिहारी थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मनिहारी पुलिस इस दिनदहाड़े हुई लूटकांड का खुलासा कब तक कर पाती है।