Bihar Crime News: बिहार के कटिहार में मद्य निषेध टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब पांच किलोग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बलरामपुर थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से सटे किरौरा रेलवे फाटक के पास की गई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के महुआ वार्ड संख्या-13 निवासी मोहम्मद बशीर आलम के रूप में हुई है। मद्य निषेध टीम के अनुसार, सूचना मिली थी कि बाइक से मादक पदार्थ की एक खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने किरौरा रेलवे फाटक के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद होने की बात सामने आई।
टीम के मुताबिक, बरामद स्मैक का वजन अनुमानतः पांच किलोग्राम है। फिलहाल जब्त मादक पदार्थ को तौला जा रहा है। वजन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी वास्तविक मात्रा स्पष्ट हो सकेगी। टीम ने जब्त स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई है। कार्रवाई के दौरान आरोपित के पास से बाइक भी जब्त की गई है। गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद बशीर आलम को बेहतर अनुसंधान के लिए स्थानीय बलरामपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस जब्त मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति कहां से हुई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ के जरिए इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- विनय झा, कटिहार