KAIMUR: कैमूर में शराबबंदी की धज्जियां उस वक्त उड़ती दिखीं जब मोहनिया समेकित जांच चौकी से दो शराब तस्कर हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गए। उत्पाद विभाग की टीम ने 23 मई को वाहन जांच के दौरान एक कार में कुल 305 लीटर शराब बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शराब और गाड़ी जब्त कर आरोपियों को चेक पोस्ट की हाजत में रखा गया था, लेकिन अगले ही दिन हाजत की खिड़की को तोड़कर दोनों मौके से फरार हो गये।
फरार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी दीपक कुमार और गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के तेरसिया वार्ड-4 निवासी सामू कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है और संभावित ठिकानों की तलाशी जारी है।
लोगों का आरोप है कि कुछ उत्पाद विभाग के पदाधिकारी तस्करों के साथ मिलीभगत करते हैं, जिसके कारण शराबबंदी की नीतियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले भी दो-तीन मामले सामने आ चुके हैं जिनमें तस्कर हाजत से भाग निकले थे; उन मामलों में गिरफ्तारी भी हुई थी। वही उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि मामले में मोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है और जो भी कर्मी ड्यूटी पर था, उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भागे हुए आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और इस बार भी फरार सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।