Bihar Crime News: जहानाबाद के घोषी प्रखंड के जीविका प्रभारी अमित कौशिक एवं उनके चालक सिकंदर कुमार उर्फ उमेश कुमार के खिलाफ पत्रकार अजीत कुमार दत्ता को गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और रंगदारी मांगने के आरोप में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी में पत्रकार अजीत कुमार दत्ता ने बताया है कि दो दिन पूर्व घोषी के जीविका कार्यालय में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो वाहन BR02PB-4989 तथा उससे संबंधित सरकारी भुगतान के बारे में जीविका प्रभारी से जानकारी मांगी गई थी। सरकारी कार्यो में प्राइवेट नंबर प्लेट की गाड़ी किस आधार पर इस्तेमाल की जा रही है।
जबकि परिवहन विभाग का ऐसा नियम है कि किसी भी सरकारी कार्यों में या सरकारी अधिकारी वेबसाइक यानी पीला प्लेट की नंबर लगी गाड़ी ही इस्तेमाल करेंगे। इसके बाद जीविका प्रभारी के कहने पर चालक सिकंदर कुमार उर्फ उमेश कुमार ने पत्रकार को फोन कर गाली-गलौज की और जान मार देने की धमकी दी।
साथ ही साथ उसने कहा कि यदि वाहन हटाया गया तो दो लाख रुपये रंगदारी देनी होगी। घटना से आहत पत्रकार ने नगर थाना में आवेदन देकर जीविका प्रभारी अमित कौशिक एवं चालक सिकंदर कुमार उर्फ उमेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।