Bihar Crime News: जमुई जिले में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने विस्फोटक अधिनियम के तहत नक्सली कांड में आरोपी और वर्ष 2015 से फरार चल रहे वारंटी मिट्ठू कोरा को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर बरहट थाना क्षेत्र के कुमरतरी गांव में छापेमारी कर उसे उसके घर से दबोचा।



पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मिट्ठू कोरा के खिलाफ नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में विस्फोटक अधिनियम के तहत न्यायालय से उसके विरुद्ध वारंट जारी किया गया था। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी।



बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्ष 2015 से नक्सली कांड में फरार चल रहा वारंटी मिट्ठू कोरा अपने गृह क्षेत्र कुमरतरी गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद एसटीएफ और अर्धसैनिक बलों की टीम ने गांव पहुंचकर संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी की। सुरक्षा बलों ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जारी अभियान को गति मिलने की उम्मीद है।



बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मिट्ठू कोरा नक्सली कांड में वर्ष 2015 से फरार था। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत न्यायालय से वारंट जारी था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और अर्धसैनिक बलों की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया है।



फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों, संभावित सहयोगियों और नेटवर्क से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में है।