Bihar Crime News: बड़ी खबर जमुई से आ रही है, जहां छात्रा से छेड़खानी के मामले मे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्रा से बदसलूकी के मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एनकाउंट में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। पुलिस की कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी।
इस मामले में पुलिस ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामाशीष चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और इसके बाद कार्रवाई की गई। पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो में नंदन यादव की पहचान लाल गमछा पहने युवक के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी नंदन यादव उसी मडवा पहाड़ी इलाके में छिपा हुआ था, जहां यह घटना हुई थी। बीते 19 सितंबर को शाम सात बजे 10वीं की छात्रा एक लड़के के साथ ट्यूशन पढ़ने के बाद घूमने के लिए गई थी। लौटने के दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोका और उनके साथ बदसलूकी की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
बिहार से लेकर देश स्तर पर इस घटना को लेकर निंदा हुई। विपक्षी दलों ने सरकार पर हमला बोला और कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठ रहे थे। सरकार और पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया और आखिरकार वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।