Bihar News: जमुई जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताराकुरा में प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार ने कुछ ग्रामीणों पर मारपीट करने, मोबाइल छीनने और विद्यालय के अभिलेखों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। घटना बीते 10 अगस्त की बताई जा रही है।



पीड़ित शिक्षक के अनुसार, मध्याह्न भोजन के दौरान एक छात्रा स्कूल के कार्यालय से फुटबॉल लेकर जा रही थी। उन्होंने छात्रा को फुटबॉल ले जाने से रोक दिया। इसके बाद छात्रा के परिजन समेत कुछ अन्य लोग विद्यालय पहुंच गए और उनके साथ कथित तौर पर लाठी-पत्थर से मारपीट करने लगे। 



घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विद्यालय परिसर में शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। शिक्षक का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचे तो उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक बैठाने के बाद वापस भेज दिया गया। इसके बाद उन्होंने एसडीपीओ को मामले की जानकारी दी और थाना के ई-मेल पर आवेदन भेजा।



प्रभारी एसडीपीओ विकास केशव ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने घटना की जानकारी मिलने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।