Bihar Crime News: एसपी के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए चकाई के सरौन गांव स्थित शुभ CSC सेंटर की पीओएस आईडी का इस्तेमाल कर साइबर अपराध में प्रयुक्त सिम कार्ड जारी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरौन गांव निवासी राजकपूर यादव, पिता योगेंद्र यादव और अरविंद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना को सूचना मिली थी कि उक्त पीओएस सेंटर की आईडी से जारी किए जा रहे सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि पिछले चार महीनों में इस पीओएस आईडी से करीब 100 मोबाइल सिम कार्ड जारी किए गए। इनमें से करीब 80 नंबरों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस जांच में इन 80 मोबाइल नंबरों से जुड़े करीब 125 साइबर अपराध की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में लगभग 13 लाख रुपये की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले को लेकर साइबर थाना जमुई में 21 अगस्त 2026 को कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पीओएस आईडी से जारी किए गए सिम कार्ड किन लोगों तक पहुंचे और इनका इस्तेमाल किन-किन साइबर अपराधों में किया गया। मामले में आगे और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।