Bihar Cyber Fraud: पटना में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें फेसबुक के जरिए दोस्ती करने के बाद एक युवती ने निजी कंपनी के कर्मचारी को निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया. करीब तीन महीने तक बातचीत और वीडियो कॉल के जरिए विश्वास कायम करने के बाद युवती ने उसे ई-सेलर शॉप नाम की कंपनी में निवेश करने के लिए कहा. पीड़ित ने युवती की बातों पर भरोसा करते हुए अपनी जमा-पूंजी के करीब 70 लाख रुपये निवेश कर दिए. बाद में रकम निकालने की कोशिश की तो वह सफल नहीं हुए और उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.


मूल रूप से गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित वर्तमान में पटना के सगुना मोड़ इलाके में रहते हैं. वह वर्ष 2006 से एक निजी कंपनी में काम कर रहे हैं. करीब तीन महीने पहले फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान एक युवती से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया. युवती चैटिंग के साथ वीडियो कॉल के जरिए भी उनसे बातचीत करने लगी.


करीब तीन महीने तक लगातार बातचीत के बाद युवती ने पीड़ित को ई-सेलर शॉप नाम की कंपनी के बारे में जानकारी दी. उसने कंपनी में निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने की बात कही. युवती की बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अलग-अलग समय में कंपनी में करीब 70 लाख रुपये निवेश कर दिए. इसमें उनकी पूरी जमा-पूंजी चली गई.


रकम निकालने की कोशिश पर खुला ठगी का मामला

निवेश करने के बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की तो वह सफल नहीं हुए. लगातार प्रयास के बावजूद रकम नहीं निकलने पर उन्हें शक हुआ. इसके बाद उन्हें समझ आया कि जिस कंपनी में उन्होंने पैसा लगाया था, वह साइबर ठगी का हिस्सा हो सकती है. पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई.


पुलिस अब युवती और उसके जरिए संचालित किए जा रहे कथित साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पीड़ित से संपर्क करने वाली युवती कौन है और 70 लाख रुपये की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई.