Bihar Crime News: गोपालगंज में घर के पीछे शौच फेंकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक महिला की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भोरे-मीरगंज मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। घटना भोरे थाना क्षेत्र के महरादेउर गांव का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव में घर के पीछे शौच फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक महिला पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने भोरे-मीरगंज सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद हथुआ एसडीपीओ समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की हालांकि ग्रामीण आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की बात कह रही है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज