Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उत्पाद पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 25 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने ट्रॉली की बॉडी में तहखाना बनाकर शराब छिपा रखी थी ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार अमठा गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप का है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी से गोपालगंज के रास्ते भारी मात्रा में शराब ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में ट्रैक्टर खाली मिला, लेकिन जब ट्रॉली की गहन जांच की गई तो उसके नीचे बने गुप्त तहखाने से 25 कार्टन विदेशी/ 216 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।


उन्हें उत्पाद अधीक्षक अमितेश कुमार झा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिवान जिले के जामो निवासी नवीन कुमार और बड़हरिया निवासी अजय प्रसाद के रूप में हुई है। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 216 लीटर विदेशी बताई जा रही है। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया है कि शराब की खेप सिवान जिले में सप्लाई की जानी थी। 


फिलहाल उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी, किसके निर्देश पर भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई ने शराब तस्करों के नए तौर-तरीकों का खुलासा किया है। फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने की कार्रवाई की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, ऐसे में शराब की खेप बिहार कैसे पहुंच रही है?

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज