Bihar Crime News: गोपालगंज में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और कठघरवा पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी पर जानलेवा हमला किया गया है। हमले में राजेश सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ चंदन कुमार अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, अब तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी उर्फ मंटू गिरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे।
सभी ने घायल राजेश सहनी का हालचाल जाना और हमले की कड़ी निंदा की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से हमलावरों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज