गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता मिथिलेश यादव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनके सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों ने विरोध में नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
घटना गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित हेसला नेशनल हाईवे पर हुई। शुक्रवार को सड़क के बीचों-बीच मिथिलेश यादव का शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने शव को हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर एसडीपीओ धनंजय राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिथिलेश यादव हेसला गांव के निवासी थे और नेशनल हाईवे के पास एक सर्विस सेंटर चलाते थे। गुरुवार देर रात वह अपनी मां से यह कहकर घर से निकले थे कि दुकान पर ही रुकेंगे।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने उनका शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पूरे इलाके में फैल गई। मिथिलेश यादव की हत्या किसने और किन कारणों से की इस घटना की तमाम बिन्दुओं की जांच में पुलिस जुटी हुई है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।