EOU Raid in Bihar: पटना जिले के खुसरूपुर प्रखंड में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने पैक्स अध्यक्ष एवं प्रखंड प्रमुख के पति संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने खुसरूपुर प्रखंड के पचरुखिया स्थित संतोष डॉन के आवास सहित करीब 25 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। सुबह से चल रही इस कार्रवाई में कई अधिकारियों की टीम शामिल है और विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, पचरुखिया, जगमालबीघा, सुकरबेगचक, मुस्तफापुर और चौड़ा समेत कई गांवों में EOU की टीमें जांच में जुटी हैं। इसके अलावा नालंदा जिले के खिदरचक सहित अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की कार्रवाई जारी है।
छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने फिलहाल मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
बताया जा रहा है कि जांच टीम विभिन्न दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। कई ठिकानों पर महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई पूरी होने और जांच प्रक्रिया के आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल EOU की टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और छापेमारी की कार्रवाई जारी है।