Bihar Crime News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवापूर्वी गांव में मंगलवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई। शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को एक साथ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने दोनों का सिर मुंडवा दिया, गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया।
बताया जा रहा है कि मामला सोमवार रात का है। पंचरुखा पूर्वी पंचायत के पकड़िया टोला निवासी युवक अपनी प्रेमिका से मिलने सिसवापूर्वी स्थित उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों ने उसे घर में प्रवेश करते देख लिया और दोनों को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की गई। मंगलवार सुबह नाई को बुलाकर प्रेमी और प्रेमिका का सिर मुंडवाया गया। फिर दोनों के गले में जूतों-चप्पलों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया गया।
बाद में ग्रामीण दोनों को सरपंच पति महेंद्र यादव के दरवाजे पर ले गए। वहां दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव और उग्र माहौल को देखते हुए महेंद्र यादव ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी