Bihar Crime News: बिहार के शराब माफिया आने वाले त्योहारों को देखते हुए अपनी तैयारी में जुटे हैं। दरभंगा में मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब की बड़ी खेप जब्त की है। 




मद्य निषेध विभाग की टीम ने एनएच-27 किनारे रानीपुर बेला स्थित एक टाइल्स के गोदाम में छिपाकर रखी गई करीब 4 हजार लीटर शराब बरामद की गई है। टीम ने मौके से शराब के 459 कार्टन जब्त किए हैं।




मिली जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम संतोष चौधरी और सरोज चौधरी का बताया जा रहा है। गोदाम में शराब किस तरह पहुंचाई गई और इस मामले में दोनों की क्या भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है।




सवाल यह भी उठ रहा है कि एनएच-27 के ठीक बगल में स्थित इस गोदाम का इस्तेमाल शराब की खेप को लाने और ले जाने के लिए तो नहीं किया जा रहा था। फिलहाल मद्य निषेध विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में खुलासा हो सकेगा।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा