Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सकतपुर थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने ही पांच साल के मासूम बेटे की हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इस वारदात में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से जख्मी कर लिया। फिलहाल पति-पत्नी दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।



पूरी घटना सकतपुर थाना क्षेत्र की शेरपुर नारायणपुर पंचायत के दरगाह टोला की है। परिजन अमरजीत कुमार के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद को इस खौफनाक घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।



घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घायलों की हालत में सुधार होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।



महज पांच साल के मासूम की इस तरह हत्या से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।