DARBHANGA: बिहार के दरभंगा में पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी से हुई करोड़ों रुपये की चांदी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
सोभन-एकमी रोड पर हथियार के बल पर हुई इस लूटकांड में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 62 किलो 195 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी की कीमत करीब 1 करोड़ 39 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में इस लूटकांड की साजिश रचने में भाजपा के युवा नेता और नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ निक्की की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, लूट की वारदात के दौरान अपराधियों ने कारोबारी के ड्राइवर को गोली मार दी थी। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि लूट की साजिश दरभंगा के रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट में रची गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ 5 लाख 94 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त किए हैं।
बताया जा रहा है कि इस लूटकांड में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।