Bihar Crime News: दरभंगा के लहेरियासराय थाना से कुछ ही दूरी पर बैंक ऑफ इंडिया के पास बाइक की डिक्की से 2.50 लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की पहचान बिशनपुर थाना क्षेत्र के गोढ़ैला निवासी एलआईसी एजेंट शंकर पासवान के रूप में हुई है।



शंकर पासवान के अनुसार, उन्होंने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैंक ऑफ इंडिया से 1.20 लाख रुपये निकाले। इससे पहले उनकी बाइक की डिक्की में 1.30 लाख रुपये रखे हुए थे। बैंक से निकाले गए रुपये भी डिक्की में रखकर वह सड़क पार पानी की बोतल खरीदने चले गए। 



कुछ देर बाद लौटे तो डिक्की से रुपये से भरा बैग गायब था। बैग में कुल 2.50 लाख रुपये थे। पीड़ित ने आशंका जताई है कि बदमाश बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही डिक्की से रुपये निकालकर फरार हो गए। 



घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना के दारोगा रजनीश मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा