Bihar Crime News: छपरा के माँझी प्रखंड अंतर्गत दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी समारोह में डीजे पर बज रहे अश्लील भोजपुरी गानों का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, शीतलपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर तेज आवाज में अश्लील गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक भाई-बहन ने इसका विरोध किया। विरोध के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में भाई-बहन समेत दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना में गंभीर रूप से घायल भाई का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि बहन को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना प्रभारी निर्भय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा