Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले के बोधगया में एक होटल संचालक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और अपहरण का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित होटल संचालक अनीकेत कुमार ने कुछ युवकों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, मंगलवार शाम कुछ युवक उनके होटल पहुंचे और जरूरी काम का बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही वह होटल से बाहर आए, बदमाशों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया।
अनीकेत कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें फिरौती वसूलने की धमकी भी दी। हालांकि, होटल कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने और शोर मचाने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि वह कुछ आरोपियों को पहचानते हैं, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।होटल संचालक ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी