SVU Raid Bihar: बिहार में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसवीयू की टीम सहरसा में तैनात पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के सहरसा स्थित कार्यालय और आवास के अलावा पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में भी एसवीयू की टीम तलाशी ले रही है। इसके साथ ही अभियंता के गृह जिले औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है।
विशेष निगरानी इकाई की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है। एसवीयू की अलग-अलग टीमें एक साथ सभी चिह्नित ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
छापेमारी के दौरान अब तक करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद होने की सूचना है। फिलहाल एसवीयू की टीम विभिन्न परिसरों में तलाशी और जांच की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी, दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।