Bihar News: बिहार के एक ठेकेदार ने टेंडर में फर्जी वर्क सर्टिफिकेट लगा दिया. पथ निर्माण विभाग ने जब पड़ोसी राज्य में भेजकर ठेकेदार के सर्टिफिकेट की जांच कराई, तब वो फर्जीवाड़ा पकड़ी गई। इसके बाद उक्त संवेदक को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है. इस संबंध में पथ निर्माण विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. 


पथ निर्माण विभाग ने संवेदक अमित कुमार गुप्ता के लाईसेंस को दस वर्षों के लिए ब्लैक लिस्ट कर दिया है. दरअसल, संवेदक के खिलाफ पथ प्रमंडल जयनगर के कार्यपालक अभियंता ने 10 जुलाई 2026 को रिपोर्ट किया था. जिसमें कहा गया है कि दिल्ली मोड-दरभंगा से बनवरापट्टी तक सड़क मरम्मति कार्य में संवेदक ने वर्क प्रमाण पत्र दिया था. जब कार्यपालक अभियंता ने पीडब्लूडी जलपाईगुड़ी से सत्यापन कराया तो रिपोर्ट दिया कि, जो प्रमाण पत्र दिया गया है वो फर्जी है. 


इस आलोक में पथ निर्माण विभाग ने संवेदक अमित कुमार गुप्ता को गलत जानकारी देकर बरगलाने के मामले में दोषी पाया गया है. इस आरोप में विभाग ने कटिहार के रहने वाले ठेकेदार अमित कुमार गुप्ता के ठेकेदारी लाईसेंस को 10 वर्षों के लिए कालीकृत कर दिया है.