Bihar Co Action: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तीन अंचल अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक को सस्पेंड करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने का आदेश दिया है. वहीं दो अंचल अधिकारियों पर आरोप पत्र गठित किया गया है.  

बोधगया के तत्कालीन सीओ सस्पेंड 

बोधगया के तत्कालीन अंचल अधिकारी शिव शंकर राय को निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है. इन पर दाखिल खारिज वादों के निष्पादन में अनियमितता बरतने, पद का दुरुपयोग करने वैध केवाला का दाखिल खारिज  अस्वीकृत करने, फर्जी तरीके से दाखिल खारिज स्वीकृत करने, स्पष्टीकरण का जवाब समर्पित नहीं करने के आरोप हैं. इन आरोपों में इन्हें सस्पेंड किया गया है.  

सीओ महेश कुमार का खेल हुआ बेनकाब

वहीं पटना जिले के पालीगंज के तत्कालीन अंचल अधिकारी महेश कुमार, इन्होंने बोधगया में अंचल अधिकारी रहते बी. एल.टी. पटना द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में स्पष्ट एवं अंतिम निर्णय पारित नहीं करने के आरोप है. ये वर्तमान में शिवहर जिले में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित हैं. इनके खिलाफ आरोप पत्र गठित किया गया है.

वहीं सासाराम सदर के तत्कालीन अंचल अधिकारी सुधीर कुमार ओंकारा जो वर्तमान में गोपालगंज जिले के थावे अंचल के अंचल अधिकारी हैं, इनके खिलाफ डीसीएलआर सासाराम द्वारा दाखिल खारिज अपील वाद में पारित आदेश का अनुपालन नहीं करने का आरोप हैं. इस पर भी आरोप पत्र गठित किया गया है.