Bihar News: गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र के हथुआ बाजार में बुधवार की देर शाम संध्या मार्ट में कुछ अज्ञात बदमाशों ने दुकान में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दुकान में मौजूद छोटू कुमार और अजित कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं।
इस घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस घटना का कारण दुकान में मौजूद छोटू कुमार और सागर पटेल के बीच चल रहा विवाद है।
उन्होंने कहा, "हमने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज