Bihar Crime News: शराबबंदी वाले बिहार में माफिया शराब की तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में ट्रेन से शराब तस्करी का मामला सामने आया है। रेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिथिला एक्सप्रेस की जनरल बोगी से 42.9 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की है।
इस मामले में चार नाबालिग लड़कियों को पकड़ा गया है। शराब तीन पिट्ठू बैग और एक झोले में रखी गई थी। सुगौली रेल जीआरपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन में जांच के दौरान यह कार्रवाई की। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13022 मिथिला एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रेल पुलिस तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को तीन पिट्ठू बैग और एक झोले से कुल 42.9 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब मिली। मामले में चार नाबालिग लड़कियों को पकड़ा गया है।
सुगौली रेल जीआरपी थानाध्यक्ष विजय कुमार झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नाबालिगों से संबंधित नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी