Bihar News: पथ निर्माण विभाग में एक से बढ़कर एक अभियंता हैं. कार्यपालक अभियंता इस कदर लापरवाह हैं कि, अपने सचिव के आदेश को भी रद्दी की टोकरी में डालने में देर नहीं करते. पथ निर्माण विभाग के सचिव ने लखीसराय पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को स्पीड ब्रेकर लगाने का आदेश दिया. विभागीय सचिव के आदेश के बाद भी अभियंता ने लापरवाही बरती. इसके पहले पुलिस अधीक्षक ने पत्र लिखकर स्पीड ब्रेकर लगाने का अनुरोध किया था. अब जाकर आरोपी कार्यपालक अभियंता को दंड दिया गया है.
पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख ने लखीसराय पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिन्हा के खिलाफ आरोप पत्र गठित किया था. इनके खिलाफ आरोप है कि विभाग के सचिव द्वारा 2 जून 2026 को लखीसराय बाईपास स्थित आरओबी के निरीक्षण के दौरान जो निर्देश दिए गए थे, उसकी अवहेलना की है.
विभागीय आरोप पत्र गठित होने के बाद आरोपी कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिन्हा से स्पष्टीकरण मांगा गया. आरोपी अभियंता ने जो जवाब दिया, उसकी समीक्षा की गई. जिसमें पाया गया कि लखीसराय के एसपी ने भी 2 जून 2026 को पत्र लिखकर चिन्हित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का अनुरोध किया था. विभागीय सचिव द्वारा भी 2 तारीख को निरीक्षण के दौरान ही कार्यपालक अभियंता को संबंधित जगहों पर 24 घंटे के अंदर स्पीड ब्रेकर लगाने का आदेश दिया गया था.
ऐसी स्थिति में यह तर्क दिया जाना कि, उन्हें 12 जून को इस संबंध में जानकारी मिली है. यह विश्वसनीय नहीं है. विभागीय सचिव के आदेश का उलंघन करना उदासीनयता को दर्शाता है. ऐसे में पथ निर्माण विभाग ने आरोपी कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिन्हा के सर्विस बुक में चेतावनी का दंड दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है.