Bihar Crime News: बिहार के गयाजी शहर में दुर्गा पूजा मेला के बीच चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ढोलकिया गली में बीती रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी की इस बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।




घटना के संबंध में गृहस्वामी ने बताया कि वे लोग रात में दुर्गा पूजा घूमने के लिए घर से बाहर गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। 




उन्होंने बताया कि करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद गृहस्वामी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 




पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, चोरों की पहचान करने के लिए गली में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े हर पहलुओं से भी जांच कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी