Bihar Crime News: भोजपुर के आरा में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी एवं क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित के नेतृत्व में गठित टीम ने कोलकाता पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की।



गिरफ्तार मुख्य आरोपित चंदन सिंह भोजपुर जिले के टाउन थाना क्षेत्र के बड़की सिंगही गांव का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का उद्देश्य हत्याकांड की साजिश, वारदात में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाना है।



इस मामले में पुलिस इससे पहले आरोपित मनोज सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की विशेष टीम अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।



बता दें कि सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की 15 अक्टूबर की सुबह आरा के कनकपुरी मोहल्ले में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस दोनों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड की पूरी साजिश और अन्य संभावित संलिप्त लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।