Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के आमी के टोला गांव में मारपीट में जख्मी किशोरी की मौत हो गई। पटना एम्स ले जाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार और तीयर थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। मृत किशोरी की पहचान तीयर थाना क्षेत्र के आमी के टोला गांव निवासी रामकिशुन यादव की 16 वर्षीय पुत्री रजनी कुमारी के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा की छात्रा थी।
मृत किशोरी के भाई सूरज कुमार ने फोन पर बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव के ही एक पड़ोसी की भतीजी किसी लड़के के साथ चली गई थी। इससे पहले उक्त लड़का उनके भाई के साथ बाइक पर घूम रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी पक्ष के लोग आरोप लगा रहे थे कि लड़की को फरार कराने में उनके परिवार का हाथ है।
इसी विवाद को लेकर 12 नवंबर को जब रजनी कुमारी अपने बड़े भाई विफन कुमार के घर पर थी, तभी आरोपित पक्ष के लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि वे रजनी को घर से बाहर खींचकर ले गए और उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बाद में इलाज के लिए पटना एम्स ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।