Bhagalpur shootout case: बिहार के भागलपुर में सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में बीते 28 अप्रैल को टेंडर विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल मुख्य पार्षद राजकुमार उर्फ गुड्डू ने इलाज के दौरान आखिरकार दम तोड़ दिया। पटना के एक निजी अस्पताल में लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई।
घटना के दौरान अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस हमले में राजकुमार गुड्डू के सिर और सीने में दो गोलियां लगी थीं। पटना में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ऑपरेशन नहीं कर पाए। गोली लगने के 11 दिन बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। राजकुमार गुड्डू भाजपा से जुड़े हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले का मास्टरमाइंड नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति रामधनी यादव था। छापेमारी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया था, जबकि अन्य कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।