Bihar Crime News: भागलपुर के इसाकचक थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोपी मनोज कुमार वर्मा के घर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया है। शुक्रवार को पुलिस ढोल बजाते हुए उसके घर पहुंची और इश्तिहार चस्पा कर उसे कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी निर्धारित समय पर कोर्ट में हाजिर नहीं होता है, तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार वर्मा पर खुद को सीआईडी का डीएसपी बताकर कई लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देने और उनसे पैसे लेने का आरोप है। आरोप है कि रकम लेने के बाद उसने लोगों के पैसे वापस नहीं किए। इस मामले में भागलपुर के बाईपास और इसाकचक थानों में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, बांका में भी इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
मामले में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद से मनोज कुमार वर्मा फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बांका में दर्ज जीरो एफआईआर के आलोक में बांका कोर्ट से आदेश जारी होने के बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट निर्गत किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अब इसाकचक थाना पुलिस ने उसके घर पर इश्तिहार चस्पा किया है।
पुलिस ने इश्तिहार के माध्यम से आरोपी को कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी दी है। यदि वह न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई कर सकती है।