Bihar Crime News: बिहार के बेतिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के लौकरिया मिश्री टोला वार्ड संख्या-7 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज में दी गई बाइक की बाकी किस्त को लेकर ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पूरा ससुराल पक्ष फरार बताया जा रहा है।


मृतका की पहचान दीपावली देवी के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2024 में सागर साह से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपावली को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।


मृतका की मां पूनम देवी के अनुसार, शादी में मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान दिए गए थे, लेकिन बाइक की दो किस्तें बाकी थीं। इसी बकाया राशि को लेकर ससुराल पक्ष लगातार दबाव बना रहा था और दीपावली को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।


परिजनों ने बताया कि बुधवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि दीपावली की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जब वे ससुराल पहुंचे तो वह घर के बाहर मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद मामले की जानकारी डायल 112 और बिहार पुलिस को दी गई।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।


मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद से ससुराल के सभी सदस्य फरार हैं। साथ ही मृतका की छह माह की बच्ची भी घर में नहीं मिली, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया