Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के बेतिया में गोपालपुर थाना क्षेत्र के घोघा तिवारी टोला में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान घोघा तिवारी टोला निवासी राधेश्याम तिवारी के पुत्र बंटी तिवारी के रूप में हुई है।



जानकारी के अनुसार, बंटी गुरुवार की शाम घोघा चौक से मोबाइल लाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह घर के समीप गन्ने के खेत में उसका शव पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।



घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



इकलौते पुत्र की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भाई का शव देखकर बहन भी बदहवास हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..