BETTIAH: पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव में ढाई माह पहले प्रेम विवाह करने वाली 19 वर्षीय नवविवाहिता गजाला खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।


मिली जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले बाइक की चाबी लेकर परिवार के सदस्यों और देवर के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बीच गजाला खातून का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।


एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट