BETTIAH: बिहार के बेतिया में शराब कारोबारी के यहां छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


घटना योगापट्टी थाना क्षेत्र के रुदलपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, बीती देर रात पुलिस टीम एक शराब कारोबारी के यहां छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान शराब कारोबारी के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में सिपाही पंकज कुमार और मदन यादव घायल हो गए।


घायल दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।


वहीं, पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट