Bihar Crime News: बेतिया के योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चौमुखा गांव निवासी किरनी देवी के ससुराल में उनके पिता बदन यादव के आने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। गुरुवार शाम यह विवाद बढ़ते-बढ़ते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने जबरन एक व्यक्ति को ले जाने की कोशिश की, जिससे माहौल और बिगड़ गया। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस झड़प में दो पुलिसकर्मी अभय कुमार सिंह और साहेब यादव घायल हो गए। दोनों को योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। वहीं, कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। योगापट्टी थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु एसपी कार्तिकेय एके ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..