Bihar Crime News: बिहार के बेतिया के चनपटिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी।
घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय अजीत पासवान के रूप में हुई है, जो रविंद्र पासवान का छोटा बेटा है और गांव में सिलाई का काम करता था। बताया जाता है कि अजीत अपने घर खाना खाने जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर अचानक फायरिंग कर दी।
गोली उसके सीने के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों के सहयोग से उसे तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चनपटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। इस वारदात के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया