Bihar Crime News: छठ महापर्व के दौरान बेगूसराय में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के खातोपुर स्थित वार्ड संख्या 43 के द्वारका नगर मोहल्ले में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए 60 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लाइसेंसी बंदूक और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इस बड़ी वारदात के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।




घटना के संबंध में गृहस्वामी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर वह अपने परिवार के साथ पैतृक गांव सब्दलपुर, साहेबपुर कमाल गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे के रास्ते से मकान में प्रवेश किया। इसके बाद घर के अंदर रखे कीमती सामानों को खंगालते हुए 60 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहने, लाइसेंसी बंदूक समेत अन्य बहुमूल्य सामान लेकर फरार हो गए।




परिवार के घर लौटने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।




वहीं, इतनी बड़ी चोरी की वारदात के बाद संबंधित थाना क्षेत्र को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। चोरों की पहचान करने के साथ चोरी गए सामानों की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।




छठ महापर्व के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से गांव और अन्य स्थानों पर गए हुए हैं, ऐसे में बंद घरों को निशाना बनाकर की गई इस वारदात ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।