Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मार दी। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह वारदात लोहियानगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमटी के पास सोमवार को हुई। मृतक की पहचान स्वर्गीय छोटू महतो के लगभग 30 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक का नाम प्रिंस कुमार बताया जा रहा है, जिसे पीठ में गोली लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने के बाद दोनों युवकों को आनन-फानन में बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रिंस कुमार का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी जारी है।