Bihar Crime News: बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक हथियार लहराते हुए ग्रिल दुकान पर पहुंचकर दुकानदार को धमकाता और फायरिंग करता नजर आ रहा है हालांकि, इस वायरल वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, घटना चौकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 की बताई जा रही है। पीड़ित दुकानदार विकास शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम उनकी ग्रिल दुकान के सामने चौकी गांव निवासी कारे लाल महतो उनकी बाइक की बैटरी चोरी कर रहा था। इसी दौरान उन्होंने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
चोरी का विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और बहस करने लगा। देखते ही देखते उसने जेब से देसी कट्टा निकाल लिया और दुकानदार को धमकी देते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम का कथित वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, कुछ संबंधित पक्षों द्वारा घटना से इनकार किए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। फर्स्ट बिहार झारखंड इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- हरेराम दास, बेगूसराय