PATNA:बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं, यही कारण है कि एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत सामियागढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार शाम अपराधियों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है।


बाइक सवार चार बदमाशों ने मां अंबे ज्वैलर्स में हथियार के बल पर करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। 


मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। चार अपराधी बाइक से दुकान पर पहुंचे और पहले जेवर देखने का बहाना किया। जैसे ही दुकान संचालक ने जेवरात दिखाने शुरू किए, बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और दुकान में मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट शुरू कर दी।


दुकान संचालक चंदन कुमार ने बताया कि अपराधियों ने हथियार के बल पर जेवरात लूट लिए और जाते समय फायरिंग करते हुए फरार हो गए। उन्होंने बताया कि लूटे गए जेवरों की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये है।


घटना की सूचना मिलते ही सामियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।