Bihar Crime News: बड़ी खबर बगहा के रामनगर से सामने आ रही है, जहां कठसीकरी गांव में जबरन घर में घुसने और कब्जे के विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि कठसीकरी गांव निवासी पप्पू अंसारी के घर में जबरन घुसने और कब्जा करने को लेकर पुलिस को आवेदन दिया गया था। इसी शिकायत की जांच और विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
इसी दौरान अचानक ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में SI इम्तेयाज खान समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। वहीं, पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना की सूचना मिलते ही बगहा एसपी के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।