BAGAHA: बगहा पुलिस जिले के धनहा थाना क्षेत्र मे एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय आरोपी मधुसूदन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि मंगलवार शाम आरोपी ने नाबालिग को दवा देने के बहाने अपने पास बुलाया। इसके बाद वह उसे गांव से बाहर गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप है।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन धनहा थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ बगहा नीहार भूषण ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई । पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।