BAGAHA: बिहार में शराबबंदी कानून के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से शराब पीकर लौट रहे एक चौकीदार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार देर शाम मदनपुर चेकपोस्ट पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि नियमित जांच के दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सभी की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में भैरोगंज थाना क्षेत्र के चौकीदार दिलीप कुमार साह, सेमरा थाना क्षेत्र के रामबालक चौधरी, परवेज अंसारी, चिउटाहा थाना क्षेत्र के भोला कुमार बिंद तथा भैरोगंज थाना क्षेत्र के नन्हे चौधरी शामिल हैं।
उत्पाद विभाग के अनुसार, वाहन की जांच के दौरान भैरोगंज थाना में तैनात चौकीदार दिलीप कुमार साह पुलिस को देखकर वाहन से कूदकर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों से कहा, "मुझे कौन पकड़ लेगा।" हालांकि, चेकपोस्ट पर तैनात जवानों ने उसका पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। बाद में उसकी भी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
वहीं, भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि चौकीदार दिलीप कुमार साह तीन दिन का अवकाश लेकर पत्नी के इलाज की बात कहकर गया था। उत्पाद विभाग की कार्रवाई की जानकारी उन्हें बाद में मिली।
उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।