ARWAL: अरवल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट एवं हत्या के प्रयास सहित दर्जनों मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी सुजीत कुमार उर्फ सुजीत महतो को गुजरात के दमन से गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी ने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि सुजीत महतो लंबे समय से अरवल, पटना और जहानाबाद पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उसकी तलाश कई वर्षों से जारी थी। हाल ही में सदर थाना क्षेत्र के पिपरा बांग्ला स्थित घनश्याम लाइन होटल पर हुई गोलीबारी की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। पूछताछ के दौरान उसने इस घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, अभियुक्त ने होटल मालिक से मोबाइल के माध्यम से रंगदारी की मांग की थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। भय पैदा करने के उद्देश्य से होटल पर गोलीबारी की गई थी, जिसके बाद सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की और पहले 5 अप्रैल को आयुष कुमार उर्फ गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। इसके बाद सुजीत महतो की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने पवन कुमार को भी मसौढ़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसपी डॉ नवजोत सिमी ने बताया कि सुजीत महतो के खिलाफ करपी, अरवल, नौबतपुर, खीरी मोड़ और बेऊर थाना में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से रंगदारी और लूटपाट की घटनाओं में कमी आएगी। एसपी ने आम लोगों से निर्भय होकर व्यवसाय करने की अपील की है और भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही, इस अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की घोषणा की गई है।